भारत-अमेरिका संबंधों में नया अध्याय: पैक्स सिलिका गठबंधन में भारत को पूर्ण सदस्य बनाने का ऐलान!
भारत और अमेरिका के रिश्ते अब एक नए रणनीतिक और तकनीकी दौर में प्रवेश करने जा रहे हैं। अमेरिका ने भारत को अपने नेतृत्व वाले टेक्नोलॉजी गठबंधन पैक्स सिलिका का पूर्ण सदस्य (Full Member) बनाने की घोषणा की है। यह बड़ा ऐलान अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत सर्जियो गोर ने दिल्ली में अपने पहले आधिकारिक संबोधन के दौरान किया। इस कदम को भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है।
सर्जियो गोर ने कहा कि पैक्स सिलिका एक अमेरिकी नेतृत्व वाली पहल है, जिसका उद्देश्य सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एनर्जी इनपुट और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुरक्षित और भरोसेमंद सप्लाई चेन तैयार करना है। इस गठबंधन में पहले ही जापान, दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड किंगडम और इजरायल शामिल हो चुके हैं। अब भारत को अगले महीने पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।
राजदूत गोर ने भारत और अमेरिका को “दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे पुराना लोकतंत्र” बताते हुए कहा कि दोनों देशों का एक मंच पर आना वैश्विक तकनीकी संतुलन के लिए बेहद अहम है। उन्होंने साफ संकेत दिए कि यह पहल सेमीकंडक्टर और AI जैसे क्षेत्रों में चीन के एकाधिकार को चुनौती देने की दिशा में बड़ा कदम होगी।
ट्रेड डील को लेकर उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच बातचीत जारी है और इसे अंतिम चरण तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गहरी दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में ट्रंप भारत दौरे पर भी आ सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पैक्स सिलिका में भारत की एंट्री से देश की टेक्नोलॉजी क्षमता, ग्लोबल सप्लाई चेन में भूमिका और रणनीतिक प्रभाव और मजबूत होगा।















































































Leave Your Message