प्रधानमंत्री मोदी का हर घर तिरंगा अभियान को बढ़ावा, साथ ही देशवासियों से की ये अपील।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रोफाइल फोटो बदल दी है। उन्होंने तिरंगे के चित्र के साथ अपनी फोटो लगाई है और देशवासियों से भी ऐसा ही करने की अपील की है। उन्होंने इस अवसर पर लिखा, "स्वतंत्रता दिवस के करीब आते ही आइए हम सब मिलकर हर घर तिरंगा अभियान को एक यादगार जन आंदोलन बनाएं। मैं अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदल रहा हूं और मैं आप सभी से भी यही आग्रह करता हूं कि आप भी मेरे साथ मिलकर हमारे तिरंगे का जश्न मनाएं। और हां, अपनी सेल्फी https://harghartiranga.com पर जरूर शेयर करें। प्रधानमंत्री की इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगा झंडे के प्रति सम्मान और एकता को बढ़ावा देना है।
यही नहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने एक्स पेज पर प्रोफाइल फोटो में बदलाव करते हुए तिरंगा लगा दिया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, रविशंकर प्रसाद, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी प्रोफाइल फोटो बदली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए बीजेपी ने भी व्यापक तैयारी की है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने जानकारी दी कि पार्टी 11 अगस्त से 13 अगस्त तक हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा आयोजित करेगी। इस यात्रा का उद्देश्य तिरंगे के प्रति लोगों में जागरूकता और सम्मान बढ़ाना है।















































































Leave Your Message