क्या विनेश फोगाट की कांग्रेस पार्टी में होगी एंट्री? भूपेंद्र सिंह हुड्डा की टिप्पणी और सम्मान की मांग।
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट इन दिनों काफी चर्चा में हैं। पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फाइनल मुकाबले से पहले उन्हें 100 ग्राम अधिक वजन के कारण खेल से बाहर कर दिया गया था, हालांकि उन्होंने तीन मुकाबलों में जीत हासिल की थी। भारत लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। हाल ही में विनेश ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की, जिससे अटकलें तेज हो गई हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। इस पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जब पूछा गया कि क्या विनेश फोगाट कांग्रेस जॉइन कर रही हैं, तो उन्होंने इसे एक काल्पनिक सवाल करार दिया। हुड्डा ने कहा, "खिलाड़ी किसी एक पार्टी के नहीं होते, वे पूरे देश के होते हैं। अगर विनेश फोगाट हमारी पार्टी में शामिल होंगी, तो हम इसका स्वागत करेंगे। उनके पार्टी में शामिल होने या न होने का निर्णय उनकी इच्छा पर निर्भर करता है। आज वे हमारे देश की खिलाड़ी हैं, और उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलना चाहिए। उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया जाना चाहिए।" हुड्डा ने विनेश फोगाट को स्वर्ण पदक विजेता का सम्मान दिए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा, "मैंने पहले भी कहा था कि विनेश को वही सम्मान मिलना चाहिए जो स्वर्ण पदक विजेता को मिलता है। उन्हें रजत पदक का सम्मान दिया गया है, जो उचित नहीं है। सरकार ने उनके लिए रजत पदक की घोषणा की है।" हुड्डा ने आगे कहा कि, "जैसे सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था, वैसे ही विनेश फोगाट को भी राज्यसभा के लिए मनोनीत किया जाना चाहिए, क्योंकि उनके साथ ज्यादती हुई है और उन्हें न्याय नहीं मिला।" विनेश फोगाट शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ-साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके परिवार से मिलने के लिए दिल्ली में उनके आवास पर भी पहुंची थीं।















































































Leave Your Message