भारत ने कानपुर टेस्ट में बांग्लादेश को हराकर 2-0 से सीरीज जीतकर रचा इतिहास।
कानपुर में टीम इंडिया ने ऐसा कमाल कर दिखाया जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बहुत कम देखने को मिलता है। टीम इंडिया ने दूसरा टेस्ट मैच जीतकर बांग्लादेश को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराया। इस तरह भारत ने अपने घर में नया इतिहास बनाया। पहले टेस्ट में भारत ने 280 रनों से जीत हासिल की थी और अब दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर बड़ा कारनामा किया। टीम इंडिया की यह घर में लगातार 18वीं सीरीज जीत है। भारतीय टीम के पास पहले से ही घर में सबसे ज्यादा लगातार सीरीज जीतने का रिकॉर्ड है। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है, जिसने अपने घर में लगातार 10 सीरीज जीती हैं। आपको बता दें, भारत पिछले 12 साल से घर में टेस्ट सीरीज नहीं हारा है। टीम इंडिया आखिरी बार 2012 में घर पर टेस्ट सीरीज हारी थी, जब इंग्लैंड ने उन्हें 2-1 से मात दी थी। तब से लेकर अब तक, टीम इंडिया अपने घर में किसी भी टेस्ट सीरीज में नहीं हारी है और पिछले 12 साल में 18 बार विरोधी टीम को हराया है।
कानपुर टेस्ट में पहले दिन बारिश के कारण केवल 35 ओवर का खेल हुआ, जिसमें बांग्लादेश ने 3 विकेट पर 107 रन बनाए। बारिश के चलते दूसरे और तीसरे दिन कोई गेंद नहीं फेंकी जा सकी, लेकिन चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 233 रनों पर आउट कर दिया। भारत ने चौथे दिन तेजी से पारी की शुरुआत करते हुए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 50, 100 और 200 रनों का टीम स्कोर बनाया। उन्होंने अपनी पहली पारी 285/9 पर घोषित की। दूसरी पारी में बांग्लादेश सिर्फ 146 रन बना सकी, जिससे भारत को जीत के लिए 95 रनों का लक्ष्य मिला। आखिरी दिन के दूसरे सेशन में रोहित शर्मा और शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल ने पारी को संभालते हुए भारत को जीत दिलाई। इस जीत के साथ बांग्लादेश का 2-0 से सूपड़ा साफ हो गया।
















































































Leave Your Message