दिवाली पर मुस्लिमों से न खरीदें सामान! MP-बिहार में बवाल, होर्डिंग्स ने बढ़ाई सियासी गर्मी।
दिवाली 2024 से पहले देश के कई राज्यों में बजरंग दल की होर्डिंग्स और यूपी बीजेपी के एक नेता के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। यूपी के पूर्व बीजेपी सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा है कि सिर्फ हिंदुओं की दुकानों से ही खरीदारी करें। इसी तरह, मध्य प्रदेश में बजरंग दल ने भोपाल से लेकर देवास तक होर्डिंग्स लगवाए हैं, जिनमें कहा गया है कि दीवाली की खरीदारी हिंदुओं से करें। हालांकि, बजरंग दल की होर्डिंग्स में बीजेपी नेता की तरह सीधे-सीधे हिंदुओं से खरीदारी की बात नहीं की गई है। उनके पोस्टरों पर लिखा है कि "अपना त्योहार, अपनों से व्यवहार। दीपावली पर खरीदारी उनसे करें, जो आपकी खरीदारी से दीवाली मना सकें। यूपी के बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर हिंदू धर्म के अनुयायियों से अपील की है कि वे अपनी दुकान से ही खरीदारी करें और त्योहार की खुशियों को अपने परिवार के साथ मनाएं। इस तरह की अपील आमतौर पर चीन से आने वाले सामान के बायकॉट के संदर्भ में होती है, लेकिन इस बार बीजेपी नेता की टिप्पणी को सीधे मुस्लिम समुदाय से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर बीजेपी को आलोचना का निशाना बनाया है। वहीं, बिहार में बीजेपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू इस मामले में मुस्लिम वोटर्स को सकारात्मक संदेश देने की कोशिश कर रही है, ताकि सियासी नुकसान न हो। जेडीयू प्रवक्ता अंजुम आरा ने कहा कि हमारे देश में गंगा-जमुनी संस्कृति है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छठ महापर्व के दौरान मुस्लिम महिलाएं उपवास रखती हैं और चूल्हा बनाती हैं, जिस पर हिंदू धर्म की महिलाएं छठ व्रत करती हैं।















































































Leave Your Message