फ्रांस्वा बायरू बने फ्रांस के नए प्रधानमंत्री, मैक्रों ने सौंपा सरकार गठन का कार्य।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को फ्रांस्वा बायरू को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। इससे पहले, फ्रांस के दक्षिणपंथी और वामपंथी सांसदों ने पिछले हफ्ते ऐतिहासिक अविश्वास प्रस्ताव पर एकजुट होकर वोटिंग की थी, जिसके कारण प्रधानमंत्री माइकल बार्नियर और उनके कैबिनेट के सदस्यों को इस्तीफा देना पड़ा था। 73 वर्षीय बायरू, जो मैक्रों के मध्यमार्गी गठबंधन के महत्वपूर्ण साझेदार हैं, दशकों से फ्रांस की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। उनके सियासी अनुभव को देश में स्थिरता लाने में अहम माना जा रहा है, क्योंकि नेशनल असेंबली में किसी एक पार्टी को बहुमत नहीं मिल पाया है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पिछले सप्ताह अपने कार्यकाल के अंत तक 2027 तक पद पर बने रहने का संकल्प जताया था। मैक्रों ने शुक्रवार को फ्रांस्वा बायरू को प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया और उन्हें "नई सरकार बनाने" की जिम्मेदारी सौंपने का ऐलान किया। बायरू के लिए मंत्रियों का चयन एक चुनौतीपूर्ण कार्य होगा, क्योंकि मैक्रों के मध्यमार्गी गठबंधन के पास संसद में बहुमत नहीं है, और उन्हें सरकार बनाए रखने के लिए वामपंथी और दक्षिणपंथी दोनों पक्षों के उदारवादी सांसदों पर निर्भर रहना होगा। कुछ रूढ़िवादी नेताओं के भी नई सरकार का हिस्सा बनने की संभावना है। बायरू हाल ही में यूरोपीय संसद के पैसे गबन के आरोप में बरी हो गए थे। वह 1993 से 1997 तक शिक्षा मंत्री रहे थे और 3 बार राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार भी रह चुके हैं। बायरू, जो मोडेम पार्टी के नेता हैं, ने 2017 में मैक्रों का समर्थन किया था और उनके मध्यमार्गी गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा बने थे।
















































































Leave Your Message