आखिर क्या फायदा है मोहन यादव से? BJP की रणनिति में कहाँ फिट होते हैं?
मध्य प्रदेश में चुनाव, बीजेपी के पक्ष में रहे, जिसके बाद मध्य प्रदेश सीएम के नाम को लेकर कई कयास लगाए जा रहे थे और अब जब मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हुई, वैसे ही राजनीति में रूचि रखने वाले लोग चौंक गए। ये पहला मौका नहीं है जब बीजेपी ने मुख्यमंत्री के नाम को लेकर देश को चौंकाया हो। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की रेस में शिवराज चौहान, प्रहलाद पटेल और नरेंद्र तोमर जैसे दिग्गजों के नाम पर अटकलें लगाई जा रहीं थी, लेकिन विधायक दल की बैठक के बाद मोहन यादव के नाम का ऐलान कर दिया गया।
विधायक दल की बैठक में जो MLA चौथी लाइन में बैठा हो, जो कहीं रेस में न हो, अचानक उसका नाम तमाम दिग्गजों को पछाड़कर सीएम के लिए आया, तो हर कोई हैरान हो गया। बीजेपी की टॉप लीडरशिप ने मोहन यादव का नाम पहले ही तय कर लिया था, लेकिन जब तक नए सीएम के नाम का ऐलान नहीं हुआ, तब तक पार्टी के चंद नेताओं को छोड़कर किसी को इसकी हवा तक नहीं लगी। बैठक का प्रोग्राम पहले से ही तय था। सबकुछ उसी के मुताबिक किया गया।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे पार्टी के पर्यवेक्षक भोपाल पहुंचे। शाम करीब 4 बजे विधायक दल की बैठक शुरू हो गई। पर्यवेक्षकों में शामिल हऱियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने शुरुआती भाषण से ही हिंट दे दिया कि बदलाव होने वाला है। उन्होंने कहा, “पार्टी जो ज़िम्मेदारी देती है उसे निभाना है। समय-समय पर पार्टी भूमिका बदलती है। हर कार्यकर्ता को उसकी भूमिका का निर्वहन करना होता है।” हालांकि इससे बदलाव तो स्पष्ट हुआ, लेकिन सीएम कौन होगा ये साफ नहीं था।
इसी बीच अचानक शिवराज सिंह चौहान ने अगले मुख्यमंत्री के तौर पर मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव रख दिया। मध्य प्रदेश में ये पहले से तय माना जा रहा था कि अगर शिवराज हटेंगे तो किसी ओबीसी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, लेकिन बीजेपी ने सिर्फ ओबीसी से चेहरा नहीं चुना, बल्कि यादव समाज से चुना। इसका असर अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और राजस्थान तक दिख सकता है। बीजेपी का यह दांव, विरोधियों की टेंशन भी बढ़ा सकता है। ओबीसी समाज से सीएम बनाने के साथ ही बीजेपी ने बाकी जातीय समीकरण साधने की कोशिश भी की है। पार्टी ने मध्य प्रदेश में दो डिप्टी सीएम भी बनाए हैं। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम बनाया गया है।















































































Leave Your Message