पहली बार एक साथ 6 भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने शपथ ली, माइक जॉनसन फिर से बने स्पीकर।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में शुक्रवार को भारतीय मूल के 6 सदस्यों ने शपथ ग्रहण की, जिससे भारत को एक बार फिर गर्व महसूस हुआ। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी नेताओं ने एक साथ शपथ ली है। इन नेताओं में डॉ. अमी बेरी, सुहास सुब्रमण्यन, श्री थानेदार, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति और प्रमिला जयपाल शामिल हैं। सांसद डॉ. अमी बेरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब उन्होंने 12 साल पहले पहली बार शपथ ली थी, तो वे भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एकमात्र सांसद थे और अमेरिकी इतिहास में तीसरे थे। अब छह भारतीय-अमेरिकी सदस्य प्रतिनिधि सभा में हैं, और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अमेरिकी संसद में इस समुदाय के और अधिक सदस्य होंगे। डॉ. बेरी ने कैलिफोर्निया से लगातार सातवीं बार शपथ ली और सभी छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों की एक तस्वीर भी पोस्ट की।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में सुहास सुब्रमण्यन ने पहली बार शपथ ली। उन्होंने अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि वह अमेरिकी संसद में शपथ लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं। वहीं, खन्ना, कृष्णमूर्ति और जयपाल ने पांचवीं बार शपथ ली है। शुक्रवार को माइक जॉनसन को फिर से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का स्पीकर चुना गया। रिपब्लिकन पार्टी के पास 219 सीटें हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 215 सीटें हैं। जॉनसन को 218 वोट मिले, जबकि हकीम जेफ्रीज को 215 वोट मिले। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माइक जॉनसन को स्पीकर बनने पर बधाई दी और कहा कि वह एक बेहतरीन स्पीकर साबित होंगे। जॉनसन ने जीत के बाद कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और इसके बाद उन्होंने 119वीं कांग्रेस के सदस्यों को शपथ दिलाई।
















































































Leave Your Message