पाकिस्तान की हर हरकत पर PM मोदी की सीधी नजर, पूरी रात लेते रहे पल-पल की जानकारी।
8-9 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती इलाकों पर एक के बाद एक मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिन्हें भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने सफलता से हवा में ही नष्ट कर दिया। हमलों के चलते जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कई इलाकों में ब्लैकआउट किया गया ताकि किसी भी संभावित क्षति से बचा जा सके। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखी और संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सुरक्षा अधिकारियों से नियमित अपडेट लेते रहे। उन्होंने सेना, एयरफोर्स और इंटेलिजेंस एजेंसियों से पल-पल की जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। जवाबी कार्रवाई में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के दो जेएफ-17 और एक एफ-16 फाइटर जेट को मार गिराया, और एक पाकिस्तानी पायलट को राजस्थान के लाठी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
इसी बीच शुक्रवार सुबह जम्मू के सांबा सेक्टर में पाक रेंजर्स के समर्थन से की जा रही घुसपैठ की बड़ी कोशिश को बीएसएफ ने नाकाम कर दिया। सतर्क जवानों ने कार्रवाई करते हुए 7 आतंकियों को मार गिराया और पाकिस्तानी पोस्ट ढांढर को भारी नुकसान पहुंचाया। निगरानी ग्रिड और थर्मल इमेजिंग उपकरणों के माध्यम से आतंकियों की मूवमेंट को पहले ही पकड़ लिया गया था, जिससे समय रहते घुसपैठ रोकी जा सकी। सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से यह एक सुनियोजित प्रयास था, जिसमें सेना और आतंकी संगठन मिलकर भारत की शांति को भंग करना चाहते थे। वर्तमान में पूरे सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट है और सभी सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं। भारत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।















































































Leave Your Message