नेशनल हेराल्ड मामला: सोनिया-राहुल ने अपराध की आय से कमाए 142 करोड़, ईडी का बड़ा दावा कोर्ट में।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राउज एवेन्यू कोर्ट में दायर चार्जशीट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 988 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। ईडी के अनुसार, सोनिया और राहुल गांधी, जो यंग इंडियन कंपनी में 76% हिस्सेदारी रखते हैं, ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) से महज 50 लाख रुपये में करीब 90.25 करोड़ रुपये की संपत्ति हासिल की और उससे 142 करोड़ रुपये की किराये की आय अर्जित की, जिसे एजेंसी ने अपराध की आय बताया है। इस मामले में कोर्ट ने सोनिया, राहुल, सैम पित्रोदा सहित अन्य को नोटिस जारी किया है। चार्जशीट पीएमएलए की धाराओं के तहत दाखिल की गई है, जिसमें सोनिया गांधी को आरोपी नंबर 1 और राहुल गांधी को आरोपी नंबर 2 बनाया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में अपनी चार्जशीट में आयकर विभाग के 2017 के मूल्यांकन आदेश का हवाला देते हुए दावा किया है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने यंग इंडियन और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) के अधिकारियों के साथ मिलकर लगभग 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर नियंत्रण पाने के लिए आपराधिक साजिश रची। नेशनल हेराल्ड केस की जड़ें 1938 में स्थापित अखबार से जुड़ी हैं, जो AJL द्वारा प्रकाशित होता था। यह अखबार कांग्रेस पार्टी का मुखपत्र रहा है। 2008 में घाटे के चलते अखबार का प्रकाशन बंद हो गया था और उस समय AJL पर कांग्रेस का 90 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज था। बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने यंग इंडियन नामक कंपनी के ज़रिए AJL की बहुमूल्य संपत्तियों पर धोखे से कब्जा किया। उनका दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया अवैध थी और इसका उद्देश्य 2000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी हासिल करना था।















































































Leave Your Message