पूरन का चौंकाने वाला फैसला: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के 24 घंटे बाद बने MI न्यूयॉर्क के कप्तान।
वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज़ निकोलस पूरन ने महज़ 29 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। पूरन ने हाल के समय में सफेद गेंद की क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन अब उन्होंने अपने करियर की दिशा फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट की ओर मोड़ ली है। संन्यास के 24 घंटे के भीतर ही उन्हें मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में MI न्यूयॉर्क का कप्तान घोषित कर दिया गया। एमएलसी की गतविजेता टीम MI न्यूयॉर्क ने सोशल मीडिया पर ऐलान करते हुए लिखा, “हमारी टीम का नया कमांडर निकोलस पूरन होगा।” मुंबई इंडियंस की मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने भी पूरन की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह बाएं हाथ के खतरनाक विकेटकीपर-बल्लेबाज़ हैं और अब अपनी कप्तानी से टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। पूरन की इस नई भूमिका को उनके करियर का बड़ा मोड़ माना जा रहा है, जो यह भी दर्शाता है कि अब क्रिकेट का फोकस इंटरनेशनल से ज़्यादा फ्रेंचाइज़ी लीग्स की ओर बढ़ता जा रहा है।
निकोलस पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट की ओर रुख कर लिया है। पूरन ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किए बिना ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। वह 106 T20I में 2,275 रन (SR: 136.39) और 61 वनडे में 1,983 रन (SR: 99.15) बना चुके हैं। पूरन वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सीज़न पूरा खेलने के बाद खुद को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज़ से बाहर रखा। वेस्टइंडीज को इस सीरीज़ में क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी। इसके अलावा, 2023 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर में विफलता के बाद से उन्होंने वनडे क्रिकेट नहीं खेला है। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच दिसंबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ था। पूरन ने 2023 MLC सीज़न में 388 रन बनाए थे और अब MLC 2025 के तीसरे सीज़न से पहले उन्हें MI न्यूयॉर्क का कप्तान बनाया गया है। इससे पहले इस टीम की कप्तानी कीरन पोलार्ड कर रहे थे। MI न्यूयॉर्क टीम में क्विंटन डिकॉक, पोलार्ड और राशिद खान जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।
















































































Leave Your Message