अहमदाबाद में टेकऑफ के तुरंत बाद बोइंग 737 विमान क्रैश, 242 यात्रियों की हुई मौत, इलाके में मची दहशत।
गुजरात के अहमदाबाद शहर में 12 जून गुरुवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। एयर इंडिया का पैसेंजर विमान बोइंग 737, जो लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, वह टेकऑफ के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। यह हादसा सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास के इलाके मेघानीनगर में हुआ। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर दोनों शामिल थे। सभी के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है और मलबे की तलाशी जारी है। धमाके के साथ आग की भीषण लपटें उठीं। आसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले तेज आवाज सुनी और फिर पूरा इलाका धुएं और आग की चपेट में आ गया। विमान का एक पंख अलग होकर नीचे गिर गया और मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंची और पानी की बौछार से आग बुझाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक विमान का अधिकतर हिस्सा जल चुका था। विमान एक रिहायशी इलाके के पास गिरा, जिससे वहां मौजूद एक इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की वजह से कई गाड़ियाँ और आसपास के मकानों को भी नुकसान हुआ है।
इलाके में चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोग वीडियो बनाते देखे गए, वहीं कई लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सिविल अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है, सभी डॉक्टरों और स्टाफ को तुरंत अस्पताल बुलाया गया है। घायलों को जल्द से जल्द इलाज देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी हादसे की जांच में जुटी है। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, पायलट की गलती या किसी और कारण से हुई।















































































Leave Your Message