बीपी, शुगर या तनाव? ये 6 कारण बन सकते हैं हार्ट अटैक की जड़!
शरीर में कोई भी बीमारी ऐसे ही नहीं होती, इसके पीछे कुछ न कुछ वजह जरूर होती है। हमारे शरीर के सारे अंग आपस में जुड़े होते हैं और एक-दूसरे के कामकाज पर असर डालते हैं। अगर किसी एक हिस्से में गड़बड़ी होती है, तो उसका असर बाकी अंगों पर भी पड़ सकता है। कुछ ऐसा ही दिल (हार्ट) के साथ होता है। हार्ट अटैक सिर्फ हार्ट से जुड़ी दिक्कतों की वजह से ही नहीं, बल्कि कई और कारणों से भी हो सकता है। चलिए, डॉक्टर से समझते हैं कि आखिर हार्ट अटैक क्यों आता है, इसके पीछे की वजहें क्या हैं और कैसे समय रहते इससे बचाव किया जा सकता है। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ कहते हैं कि हार्ट अटैक या हार्ट फेल होने के पीछे हमेशा कोई न कोई वजह होती है। सबसे जरूरी बात यह है कि पहले उस असली कारण को समझा जाए। जब आपको पता चल जाएगा कि परेशानी क्या है, तब सही इलाज और ज़रूरी सावधानियों के ज़रिए हार्ट अटैक का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
हार्ट अटैक के 6 बड़े कारण, जिनसे रहें सतर्क
1 हाई कोलेस्ट्रॉल
हार्ट अटैक की सबसे आम वजह है खराब कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना। जब ये नसों में जमा होने लगता है तो ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ता है। दिल तक खून और ऑक्सीजन सही से नहीं पहुंच पाती, जिससे अटैक का खतरा बढ़ता है। इसलिए समय-समय पर कोलेस्ट्रॉल की जांच जरूर करवाएं।
2 हाई ब्लड प्रेशर (बीपी)
बीपी बढ़ने पर खून का बहाव तेज हो जाता है, जिससे दिल पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ता है। यह स्थिति हार्ट फेल होने तक जा सकती है। बीपी को कंट्रोल में रखने के लिए नियमित जांच कराते रहें।
3 बढ़ता वजन और मोटापा
ज़्यादा वजन भी दिल के लिए खतरे की घंटी है। मोटापा नसों में सूजन बढ़ा देता है, जिससे खून और ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित होती है। हेल्दी डाइट और एक्सरसाइज से वजन कंट्रोल में रखें।
4 हाई ब्लड शुगर (डायबिटीज)
शुगर बढ़ने से हार्ट अटैक का रिस्क कई गुना बढ़ जाता है, क्योंकि डायबिटीज शरीर के सभी अंगों को प्रभावित करती है। ब्लड शुगर रेगुलर चेक करते रहें और डॉक्टर की सलाह मानें।
5 गुस्सा और तनाव
बार-बार गुस्सा आना और लगातार तनाव में रहना भी दिल पर भारी पड़ सकता है। ये दोनों चीजें बीपी बढ़ाकर हार्ट अटैक को न्योता दे सकती हैं। मेडिटेशन, योग और पॉजिटिव सोच को अपनाएं।
6 फैमिली हिस्ट्री (परिवार में हार्ट की बीमारी)
अगर आपके परिवार में किसी को हार्ट अटैक आया है या दिल की बीमारी रही है, तो आपको भी इसका खतरा ज्यादा हो सकता है। ऐसे में हेल्थ चेकअप करवाते रहें और दिल की देखभाल में कोई लापरवाही न करें।
















































































Leave Your Message