"मैं जिंदा हूं और बिल्कुल ठीक हूं" — काजल अग्रवाल ने अपनी मौत की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल अग्रवाल को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कई पोस्ट और फर्जी खबरों में दावा किया गया कि काजल अग्रवाल का एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया है या वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। इन खबरों ने उनके फैंस को गहरी चिंता में डाल दिया। लेकिन इन अफवाहों पर अब खुद काजल ने विराम लगा दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए इन खबरों को पूरी तरह से फेक, झूठा और बेबुनियाद बताया। काजल ने लिखा, “मैंने कुछ ऐसी झूठी खबरें देखी हैं जिनमें कहा गया है कि मेरी मौत हो गई है या मैं किसी एक्सीडेंट में हूं। ईश्वर की कृपा से मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं, सुरक्षित हूं और अच्छा कर रही हूं। कृपया इन झूठी बातों पर ध्यान न दें और न ही इन्हें फैलाएं।” उन्होंने अपने फैंस और फॉलोअर्स से अपील की कि वे सच और सकारात्मकता पर फोकस करें। काजल हाल ही में अपने पति गौतम किचलू के साथ मालदीव्स वेकेशन पर गई थीं और वहाँ से खूबसूरत तस्वीरें भी साझा की थीं, जिनमें वह बेहद खुश और रिलैक्स नजर आ रही थीं। वर्कफ्रंट की बात करें तो काजल आखिरी बार विष्णु मांचू की फिल्म ‘कन्नप्पा’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में रावण की पत्नी मंदोदरी की भूमिका निभाते दिखाई देंगी। साथ ही उनकी आने वाली फिल्मों में ‘द इंडिया स्टोरी’ और कमल हासन स्टारर ‘इंडियन 3’ भी शामिल हैं। इन तमाम बातों से साफ है कि काजल न सिर्फ एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि अफवाहों को भी बड़े शांत और सकारात्मक ढंग से संभालना जानती हैं।
















































































Leave Your Message