स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में भारत के पहले वर्ल्ड स्केटिंग चैंपियन बने "आनंदकुमार वेलकुमार" 1000 मीटर स्प्रिंट में जीता गोल्ड।
भारत के 22 वर्षीय स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार ने स्पीड स्केटिंग में देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में मेन्स सीनियर 1000 मीटर स्प्रिंट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1:24.924 सेकंड के समय में रेस पूरी कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ वे वर्ल्ड स्केटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले आनंदकुमार ने इसी चैंपियनशिप में 500 मीटर स्प्रिंट में 43.072 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जो भारत के लिए सीनियर कैटेगरी में पहला वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल था।
यह अकेली उपलब्धि नहीं रही – उसी शाम जूनियर कैटेगरी में भारत के कृष शर्मा ने भी 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को डबल गोल्ड दिलाया और पूरे देश को गौरव का अनुभव कराया। वेलकुमार इससे पहले भी भारतीय स्केटिंग को नई ऊंचाइयों पर ले जा चुके हैं। उन्होंने साल की शुरुआत में चीन के चेंगदू में हुए वर्ल्ड गेम्स में 1000 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रोलर स्पोर्ट्स में भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय मेडल दिलाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंदकुमार की इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनका धैर्य, गति और समर्पण उन्हें भारत का पहला वर्ल्ड चैंपियन स्केटर बना सका है। पीएम ने यह भी कहा कि उनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं को प्रेरणा देगी और स्केटिंग जैसे खेल को भारत में नई पहचान मिलेगी। वेलकुमार और कृष शर्मा की इस दोहरी सफलता ने न सिर्फ भारतीय स्केटिंग को वैश्विक मंच पर चमकाया है, बल्कि यह संकेत भी दिया है कि भारत अब पारंपरिक खेलों के साथ-साथ नए खेलों में भी विश्व पटल पर अपना परचम लहराने को तैयार है।
















































































Leave Your Message