'अरबपति क्लब' में शामिल हुए शाहरुख़ ख़ान: मनोरंजन की दुनिया से भारत के पहले सुपरस्टार अरबपति!

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ ख़ान ने अब आर्थिक जगत में भी नया मुक़ाम हासिल कर लिया है। वह अब 'अरबपति क्लब' का हिस्सा बन चुके हैं। इसका मतलब है कि उनकी कुल संपत्ति 1 अरब डॉलर यानी क़रीब 12,490 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। यह जानकारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में सामने आई है, जो हर साल भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची जारी करती है।

59 वर्षीय शाहरुख़ ख़ान अब दुनिया के उन चुनिंदा सेलिब्रिटीज़ में शामिल हो गए हैं जिनकी संपत्ति अरबों डॉलर में है। इस लिस्ट में उनके साथ हॉलीवुड सुपरस्टार अर्नॉल्ड श्वार्ज़नेगर, पॉप सिंगर रिहाना, गोल्फ़र टाइगर वुड्स, और संगीत जगत की आइकन टेलर स्विफ़्ट जैसी हस्तियां भी शामिल हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, टेलर स्विफ़्ट की नेटवर्थ 1.6 अरब डॉलर (करीब 14,000 करोड़ रुपये) आंकी गई है।

शाहरुख़ ख़ान की कमाई केवल फिल्मों से नहीं आती। उन्होंने रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट, एक सफल प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की है, जिसने कई हिट फिल्में दी हैं। इसके अलावा वह आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक भी हैं, जो अब एक ब्रांड बन चुकी है। उनकी कमाई के अन्य स्रोतों में फ़िल्मों की फीस, ब्रांड एंडोर्समेंट, और देश-विदेश में की गई रियल एस्टेट में निवेश शामिल हैं।

हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के अनुसार, शाहरुख़ का अरबपति बनना सिर्फ़ एक सेलिब्रिटी की आर्थिक सफलता नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था में हो रहे बदलाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “अब भारत में वेल्थ क्रिएशन केवल मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग या आईटी जैसे पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। मनोरंजन, खेल और आईपी-आधारित बिज़नेस भी संपत्ति बनाने के प्रमुख माध्यम बन चुके हैं।”

उन्होंने इस ट्रेंड की तुलना अमेरिका से की, जहां पहले के अरबपति उद्योगपति या बैंकर होते थे, लेकिन अब इसमें माइकल जॉर्डन, लेब्रोन जेम्स, ओपरा विनफ्री और बियोंसे जैसे सेलिब्रिटी और ब्रांड मालिक भी शामिल हैं।

हुरुन की इस सूची में शाहरुख़ के अलावा अमिताभ बच्चन, ऋतिक रोशन, जूही चावला, और निर्देशक करण जौहर जैसे अन्य फिल्मी हस्तियों के नाम भी हैं, लेकिन अरबपति क्लब में शाहरुख़ ही इकलौते भारतीय फिल्म स्टार हैं।

फोर्ब्स के अनुसार, दुनियाभर में केवल दो दर्जन से भी कम सेलिब्रिटी ऐसे हैं जिन्होंने यह अरबपति का मुक़ाम हासिल किया है, जिससे शाहरुख़ की उपलब्धि और भी खास हो जाती है।

अब वह न सिर्फ़ ‘किंग ऑफ रोमांस’ हैं, बल्कि भारत के ‘किंग ऑफ वेल्थ’ भी बन चुके हैं।

Leave Your Message

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

ट्रेंडिंग

शॉर्ट्स

हमारा देश

गैलरी

विदेश

शॉर्ट्स

मनोरंजन से

गैलरी

खेल-कूद

शॉर्ट्स

ग्रह-नक्षत्र

जरा इधर भी

शॉर्ट्स

ब्रॉडकास्ट्स