समय से पहले दिमाग का बूढ़ा होना: वजह, रिसर्च और बचाव के उपाय!
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे हमारे शरीर के साथ-साथ दिमाग की कार्यक्षमता भी धीमी पड़ने लगती है। बढ़ती उम्र के साथ याददाश्त कमजोर होना, फोकस कम होना और समस्या सुलझाने की क्षमता का घट जाना एक सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है। लेकिन आज की गलत जीवनशैली और नींद की कमी के चलते यह प्रक्रिया पहले ही शुरू हो जाती है और हमारा दिमाग समय से पहले बूढ़ा होने लगता है।
हाल ही में आई एक रिसर्च ने इस मुद्दे पर नई रोशनी डाली है। इस अध्ययन में बताया गया कि नींद की कमी दिमाग के समय से पहले बूढ़ा होने का एक बड़ा कारण है। नींद हमारे दिमाग को मरम्मत और पुनर्निर्माण का समय देती है। जब हम पर्याप्त और अच्छी नींद नहीं लेते, तो शरीर में क्रोनिक सूजन (Chronic Inflammation) बढ़ जाती है, जिससे दिमाग की कोशिकाएं यानी न्यूरॉन्स प्रभावित होती हैं। इससे न केवल दिमाग की कार्यक्षमता घटती है, बल्कि लंबे समय तक नींद की खराब गुणवत्ता डिमेंशिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा सकती है।
रिसर्च में 27,000 से अधिक लोगों के ब्रेन स्कैन का विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि जो लोग नींद की अनियमितता से जूझ रहे थे, उनके दिमाग की उम्र, उनकी वास्तविक उम्र से अधिक पाई गई। उदाहरण के तौर पर, जो लोग कभी भी पूरी नींद नहीं लेते, उनका दिमाग उनकी असली उम्र से करीब 1 साल ज्यादा बूढ़ा पाया गया। वहीं, नींद का स्कोर नामक एक मापदंड में पाया गया कि हर अंक की गिरावट से दिमाग की उम्र में लगभग आधा साल की बढ़ोतरी हो जाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हम दिमाग को स्वस्थ और युवा बनाए रखना चाहते हैं तो अच्छी और नियमित नींद सबसे असरदार उपाय है। इसके लिए कुछ आदतों को अपनाना जरूरी है:
-
हर दिन एक तय समय पर सोना और जागना।
-
सोने से कम से कम एक घंटे पहले मोबाइल, टीवी और लैपटॉप का इस्तेमाल बंद कर देना।
-
रात में चाय, कॉफी या कैफीन युक्त चीजों से दूरी बनाना।
-
दिनभर की थकान और तनाव को कम करने के लिए हल्का व्यायाम, योग या मेडिटेशन करना।
अगर नींद की समस्याओं को अनदेखा किया गया, तो यह न केवल मानसिक सेहत के लिए हानिकारक है, बल्कि भविष्य में मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ा सकती है। इसलिए, नींद को प्राथमिकता देना, दिमाग को जवान बनाए रखने की कुंजी है।
















































































Leave Your Message