मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम में की कपाटबंदी, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना!
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर मंदिर के कपाट शीतकालीन बंदी के लिए विधि-विधानपूर्वक बंद किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने धाम में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और स्थानीय तीर्थ पुरोहितों तथा तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बाबा केदार के दर्शन के लिए रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं, जो उत्तराखंड सरकार के सुनियोजित प्रयासों और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने चार धाम यात्रा को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि यह न केवल देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि यह सनातन धर्म के अनुयायियों को विश्व के कोने-कोने से जोड़ती है।
पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार धामों और मानसखंड क्षेत्र के मंदिरों में विभिन्न विकास कार्य पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 की यात्रा की योजना अभी से शुरू कर दी जाए ताकि यात्रा सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों, हकदारों, स्थानीय कारोबारियों और तीर्थ यात्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहयोग के बिना चार धाम यात्रा की सफलता संभव नहीं होती। उन्होंने आशा जताई कि बाबा केदार का आशीर्वाद सदैव प्रदेशवासियों पर बना रहेगा और उत्तराखंड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर केदारनाथ धाम में शीतकालीन बंदी की परंपरा पूरी श्रद्धा और विधिपूर्वक निभाई गई, जिससे इस पावन स्थल की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित होगा।
















































































Leave Your Message