जयपुर के गंगापोल में शीतला माता मंदिर तोड़े जाने पर हंगामा, विधायक स्वामी बालमुकुंद ने की कार्रवाई की मांग!
राजस्थान की राजधानी जयपुर के पुराने शहर के गंगापोल क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब एक घर में बना शीतला माता मंदिर तोड़ा गया। मंदिर ध्वस्त किए जाने की खबर फैलते ही इलाके में हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता और हवा महल सीट से भाजपा विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य मौके पर पहुंच गए और मंदिर तोड़े जाने पर कड़ा ऐतराज जताया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। भीड़ को शांत करने के बाद विधायक बालमुकुंद ने लिखित शिकायत (तहरीर) देकर मंदिर गिराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि “हिंदुओं की आस्था के स्थलों को साजिश के तहत जमींदोज किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
दरअसल, शीतला माता का यह मंदिर गंगापोल क्षेत्र की एक निजी जमीन पर स्थित था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मंदिर वर्षों से इलाके की आस्था का केंद्र रहा है। कुछ समय पहले उस मकान के मालिक ने पूरी बिल्डिंग दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेच दी थी।
घर के नए मालिक का कहना है कि बिल्डिंग जर्जर स्थिति में थी, इसलिए उसे तोड़ा गया। उनका दावा है कि “मूर्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, बल्कि उन्हें पहले ही हमारे नए घर में स्थानांतरित कर दिया गया था।”
वहीं, इलाके के कुछ लोगों ने बताया कि मंदिर केवल मकान मालिक का निजी मंदिर नहीं था, बल्कि आसपास के लोग भी वहां पूजा करने आते थे। उनका कहना है कि “यहां शीतला माता की प्रतिमा को लेकर पूरे मोहल्ले में आस्था थी। मंदिर तोड़े जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।”
दूसरी ओर, मकान मालिक का पक्ष है कि “यह हमारा पारिवारिक मंदिर था। मोहल्ले के लोग यहां पूजा नहीं करते थे। जब हमने मकान बेचा, तो मूर्तियां अपने नए घर में स्थापित कर दीं।”
फिलहाल, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की सच्चाई की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
















































































Leave Your Message