तेज प्रताप यादव की सभा में हंगामा: समर्थकों ने लगाए “तेजस्वी जिंदाबाद” के नारे, काफिले पर पत्थरबाजी!
बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। महनार विधानसभा क्षेत्र में जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार जय सिंह राठौर के समर्थन में पहुंचे तेज प्रताप यादव को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
सभा में लगे “तेजस्वी जिंदाबाद” के नारे
महनार के हीरानंद उच्च विद्यालय में आयोजित चुनावी सभा के दौरान और उसके बाद RJD समर्थकों ने तेज प्रताप यादव के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ ने “लालटेन छाप जिंदाबाद” और “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। विरोध इतना बढ़ गया कि तेज प्रताप के काफिले को कुछ दूरी तक खदेड़कर भगाया गया और इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई।
जनसभा के बाद बढ़ा बवाल
तेज प्रताप यादव बुधवार शाम 5 बजे सभा स्थल पर पहुंचे और लगभग एक घंटे तक भाषण दिया। वे हेलीकॉप्टर से आए थे, लेकिन देर होने के कारण हेलीकॉप्टर वहीं से लौट गया। इसके बाद तेज प्रताप सड़क मार्ग से अपने क्षेत्र महुआ के लिए रवाना हो रहे थे, तभी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
JJD उम्मीदवार ने लगाया RJD पर आरोप
जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार जय सिंह राठौर ने बताया कि सभा के दौरान कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन लौटते वक्त कुछ RJD समर्थकों ने हमला किया। राठौर ने कहा, “राजद के चार-पांच गुंडों ने हमारी गाड़ियों पर पत्थर फेंके और नारेबाजी की।”
RJD उम्मीदवार पर साजिश का आरोप
जय सिंह राठौर ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “यह हमला साजिश के तहत कराया गया। रविंद्र सिंह ने 15-16 करोड़ रुपये में टिकट खरीदा है और 5-6 करोड़ रुपये चुनाव में खर्च कर रहे हैं। ये लोग जनता को पैसा और शराब देकर वोट खरीदना चाहते हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।”
उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की है और कहा कि ऐसे हमलों से “जंगलराज” लौटाने की कोशिश की जा रही है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी।
इस घटना के बाद महनार का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और स्थानीय प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
















































































Leave Your Message