1 नवंबर से बदलेंगे FASTAG के नियम: अगर नहीं कराया KYV, तो बंद हो जाएगा टैग!
अगर आप अपनी गाड़ी में FASTag का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत अहम है। 31 अक्टूबर के बाद अगर आपने “Know Your Vehicle” (KYV) वेरिफिकेशन नहीं कराया, तो आपका FASTag अपने-आप बंद हो जाएगा। इसका मतलब है कि आपको टोल कैश में देना पड़ेगा, जो FASTag की तुलना में दोगुना महंगा होता है।
क्यों जरूरी किया गया KYV वेरिफिकेशन
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया कि कई लोग एक ही FASTag को अलग-अलग गाड़ियों में इस्तेमाल कर रहे थे या टैग को जेब में रखकर टोल पार कर लेते थे। इससे सिस्टम में गड़बड़ी और धोखाधड़ी बढ़ रही थी।
अब KYV के जरिए हर FASTag को सिर्फ उसकी असली गाड़ी से लिंक किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि छोटी गाड़ियों पर भारी वाहनों के टैग का इस्तेमाल न हो और सिस्टम पारदर्शी बने।
कैसे करें KYV वेरिफिकेशन
प्रक्रिया बेहद आसान रखी गई है। गाड़ी मालिक को नीचे दिए गए दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे:
-
गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
-
पहचान पत्र (आधार, पैन या पासपोर्ट)
-
कुछ मामलों में गाड़ी की आगे और साइड से तस्वीरें, जिनमें नंबर प्लेट और FASTag साफ दिखे।
यह वेरिफिकेशन उसी बैंक की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से किया जा सकता है, जिससे आपका FASTag जारी हुआ है।
बस “Know Your Vehicle (KYV)” या “Update KYV” पर क्लिक करें, डॉक्यूमेंट अपलोड करें और ओटीपी से वेरिफिकेशन पूरा करें। प्रक्रिया पूरी होने पर आपका FASTag “Active and Verified” दिखने लगेगा।
क्या होगा अगर KYV नहीं कराया
अगर KYV नहीं कराया गया, तो FASTag निष्क्रिय (Deactivate) हो जाएगा, चाहे उसमें बैलेंस बाकी हो। हाल में ऐसी शिकायतें आई हैं कि अधूरी वेरिफिकेशन के कारण टोल प्लाजा पर गाड़ियों को रोका जा रहा है।
सरकार का दावा – पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी
सरकार का कहना है कि यह कदम सिस्टम को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाएगा। चोरी या बेची गई गाड़ियों को ट्रैक करना आसान होगा, गलत टोल वसूली रुकेगी और पूरा डिजिटल टोल सिस्टम पारदर्शी बनेगा।
यह वेरिफिकेशन तब तक मान्य रहेगा, जब तक गाड़ी का मालिकाना हक नहीं बदलता। अगर गाड़ी बिक जाती है या नया रजिस्ट्रेशन नंबर जारी होता है, तो KYV दोबारा करना होगा।
समय रहते करें प्रक्रिया पूरी
भले ही यह कुछ लोगों को “एक और झंझट” लगे, लेकिन अगर आप समय पर KYV नहीं कराते, तो आपको सफर के दौरान टोल कैश में देना पड़ेगा। इसलिए 31 अक्टूबर से पहले KYV पूरा कर लें ताकि यात्रा के बीच कोई रुकावट न आए।
















































































Leave Your Message