दिल्ली की हवा अब सिर्फ गंदी नहीं, जानलेवा: 2023 में वायु प्रदूषण से 17,188 मौतें, PM2.5 बना साइलेंट किलर!
दिल्ली की हवा अब सिर्फ गंदी नहीं, बल्कि जानलेवा हो चुकी है। हर सर्दी में राजधानी में वायु प्रदूषण का खतरा पहले से था, लेकिन अब यह समस्या पूरे साल बनी हुई है और सांस लेने को गंभीर स्वास्थ्य खतरे में बदल चुकी है। हाल ही में इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (IHME) की रिपोर्ट ने इस संकट को और गंभीर रूप में पेश किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण 17,188 लोगों की मौत हुई। यह संख्या इस बात को दर्शाती है कि हर सात में से एक मौत प्रदूषित हवा के कारण हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि हवा में मौजूद बेहद बारीक कण, जिन्हें PM2.5 कहा जाता है, सीधे फेफड़ों और खून में पहुंचकर दिल और फेफड़ों की बीमारियों का कारण बन रहे हैं। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के अनुसार, दिल्ली में कुल मौतों का करीब 15 प्रतिशत वायु प्रदूषण की वजह से हुआ।
2023 में दिल्ली में वायु प्रदूषण से होने वाली मौतों की संख्या हाई ब्लड प्रेशर (14,874), डायबिटीज (10,653), हाई कोलेस्ट्रॉल (7,267) और मोटापे (6,698) से अधिक रही। यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि प्रदूषण अब ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियों से भी अधिक घातक बन चुका है।
विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यह सिर्फ पर्यावरणीय समस्या नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट बन चुकी है। बच्चों में अस्थमा और फेफड़ों की समस्याएं, बुज़ुर्गों में स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी बीमारियों में इजाफा देखा जा रहा है।
बचाव के लिए विशेषज्ञों ने सख्त उपाय सुझाए हैं: इंडस्ट्रीज और वाहनों से निकलने वाले धुएं पर नियंत्रण, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा, ग्रीन जोन और पेड़-पौधों की संख्या बढ़ाना और धूल एवं कचरे के प्रबंधन को सुनिश्चित करना।
अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो दिल्ली की हवा हर साल और भी अधिक लोगों के लिए साइलेंट किलर बन सकती है।
















































































Leave Your Message