‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ पर असित मोदी का बड़ा बयान!
इंडियन टेलीविजन अकादमी (आईटीए) के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित अवॉर्ड शो में कई टेलीविजन हस्तियों ने शिरकत की। इस मौके पर पॉपुलर सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के निर्देशक असित मोदी ने टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को लेकर अपने विचार साझा किए।
असित मोदी ने कहा कि अवॉर्ड शो का मुख्य उद्देश्य इंडियन टेलीविजन के कलाकारों और तकनीशियनों की मेहनत को सम्मानित करना है। उन्होंने टीवी और ओटीटी के बीच तुलना पर कहा, “टेक्नोलॉजी से फर्क पड़ता है, लेकिन अगर अच्छा कंटेंट मिलेगा तो दर्शक जरूर आएंगे। टीवी परिवार को जोड़ने का काम करता है। पूरे परिवार के लिए यह एक साझा अनुभव है और इसका महत्व हमेशा रहेगा।”
ओटीटी और सोशल मीडिया पर बढ़ती कंटेंट विविधता के बारे में पूछे जाने पर असित मोदी ने कहा कि आज दर्शकों के पास कई विकल्प हैं—टीवी, ओटीटी या सोशल मीडिया। उन्होंने बताया, “अब दर्शकों के लिए जैसे छप्पन भोग है। कोई भी शो पसंद नहीं आता तो चैनल या ऐप बदल दिया जाता है। इसलिए कंटेंट की क्वालिटी अब पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण है।”
अपने पॉपुलर शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के बारे में असित मोदी ने कहा, “शो अभी भी चल रहा है और जब तक इसे दर्शक पसंद करेंगे, इसे चलाएंगे। यह सिर्फ एक शो नहीं बल्कि एक ब्रांड बन चुका है। इसे बनाने में मेरी टीम ने दिल से मेहनत की है और यह दर्शकों के बीच हंसी और खुशी बांटता है।”
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ 2008 से लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है और आज भी भारतीय टीवी पर यह सबसे पसंदीदा सिटकॉम में से एक माना जाता है। असित मोदी के अनुसार, सही कंटेंट और परिवारिक कनेक्शन के कारण टीवी की जगह हमेशा मजबूत रहेगी।
















































































Leave Your Message