शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हिंसा, ढाका में अखबारों पर हमला और आगजनी, पत्रकारों की जान खतरे में!

छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। हादी के समर्थक सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। गुस्साई भीड़ ने मीडिया संस्थानों को निशाना बनाते हुए देश के सबसे बड़े अखबारों के दफ्तरों पर हमला कर दिया।

ढाका में स्थित बांग्लादेश के प्रमुख बंगाली अखबार प्रथम आलो (Prothom Alo) और प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक द डेली स्टार (The Daily Star) के कार्यालयों में प्रदर्शनकारियों ने जबरन घुसकर तोड़-फोड़ की और आगजनी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगाए जाने के समय दर्जनों पत्रकार और कर्मचारी दफ्तरों के अंदर मौजूद थे। दंगाइयों ने लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया, जिससे दफ्तरों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हिंसा की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में न्यू एज अखबार के संपादक नूरुल कबीर को भीड़ द्वारा घेरकर मारपीट करते हुए देखा गया। वहीं, द डेली स्टार की रिपोर्टर ज़ाइमा इस्लाम ने आग और धुएं के बीच फंसे होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने लिखा कि वे सांस नहीं ले पा रही थीं और मदद की गुहार लगा रही थीं। बाद में राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर दफ्तरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय शरीफ उस्मान हादी, जिन्होंने शेख हसीना सरकार को हटाने वाले छात्र आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी, पर ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने गोली चला दी थी। गंभीर रूप से घायल हादी को इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां छह दिन तक लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद गुरुवार रात उनकी मौत हो गई। हादी की मौत की खबर सामने आते ही देशभर में आक्रोश फैल गया और हिंसक घटनाएं तेज हो गईं। फिलहाल बांग्लादेश में स्थिति नाजुक बनी हुई है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave Your Message

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

ट्रेंडिंग

शॉर्ट्स

हमारा देश

गैलरी

विदेश

शॉर्ट्स

मनोरंजन से

गैलरी

खेल-कूद

शॉर्ट्स

ग्रह-नक्षत्र

जरा इधर भी

शॉर्ट्स

ब्रॉडकास्ट्स