मोदी–नेतन्याहू की दूसरी बातचीत: आतंकवाद के खिलाफ साझा मोर्चा, भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती!
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार (7 जनवरी 2026) को फोन पर बातचीत कर आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ने के अपने संकल्प को दोहराया। बीते एक महीने में यह दोनों नेताओं के बीच दूसरी बातचीत थी, जिसमें रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय हालात और काउंटर टेररिज्म जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए नेतन्याहू और इजरायल की जनता को नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि दोनों देशों ने आने वाले समय में भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई।
बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने क्षेत्र में निष्पक्ष और स्थायी शांति के प्रयासों के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की, जिसमें गाजा शांति योजना के शीघ्र कार्यान्वयन की बात भी शामिल रही। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्रीय स्थिरता वैश्विक शांति के लिए बेहद जरूरी है।
इससे पहले 10 दिसंबर 2025 को भी दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच फोन पर बात हुई थी, जिसमें भारत-इजरायल संबंधों में लगातार हो रही प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया था। दोनों देशों ने आपसी हितों के लिए रणनीतिक, रक्षा और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।
गौरतलब है कि इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का दिसंबर 2025 में प्रस्तावित भारत दौरा सुरक्षा कारणों से टल गया था। दिल्ली में नवंबर 2025 में हुए धमाके के बाद इस दौरे को लेकर सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई थीं। इसके बावजूद, दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार संवाद यह संकेत देता है कि भारत और इजरायल आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई और रणनीतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
















































































Leave Your Message