भारत को बड़ी राहत: श्रेयस अय्यर फिट घोषित, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी के लिए तैयार!
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को फिट घोषित कर दिया गया है और उनके 11 जनवरी से शुरू हो रही भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में खेलने की पूरी संभावना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले ही अय्यर को स्क्वाड में शामिल कर लिया था, हालांकि उनके खेलने को फिटनेस से जोड़ा गया था। अब उनकी फिटनेस पर लगी सभी शंकाएं दूर हो गई हैं।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस अय्यर ने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहे अपने रिहैब को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने उनकी फिटनेस रिपोर्ट ई-मेल के जरिए चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर को सौंप दी है। मेडिकल टीम ने अय्यर को पूरी तरह मैच फिट करार दिया है।
भारतीय टीम में वापसी से पहले अय्यर को दो घरेलू मैच खेलकर फिटनेस साबित करनी थी। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई की ओर से खेलते हुए 82 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद उन्हें टूर्नामेंट के शेष लीग मुकाबलों के लिए मुंबई टीम का कप्तान भी बनाया गया। अय्यर 8 जनवरी को पंजाब के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलेंगे।
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान फील्डिंग करते समय गंभीर चोट लग गई थी। आंतरिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति काफी नाजुक हो गई थी और उन्हें आईसीयू में भी भर्ती करना पड़ा था। लंबे और सख्त रिहैब के बाद अब वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल कप्तान होंगे, जबकि रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। अय्यर की वापसी से भारतीय मध्यक्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।















































































Leave Your Message