ए आर रहमान विवाद पर अभिजीत भट्टाचार्य का तीखा बयान, बोले—‘लैपटॉप कल्चर से म्यूजिशियन बेरोजगार हुए’!
दिग्गज म्यूजिक कंपोजर ए आर रहमान अपने हालिया बयान को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। कुछ समय पहले रहमान ने कहा था कि पिछले आठ सालों में बॉलीवुड में उन्हें अपेक्षाकृत कम काम मिला है और इसकी वजह इंडस्ट्री में पावर शिफ्ट होना है। उन्होंने यह भी कहा था कि अब रचनात्मक लोगों के हाथ में ताकत नहीं रही। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। कंगना रनौत से लेकर परेश रावल तक कई सेलेब्रिटीज़ ने इस पर प्रतिक्रिया दी। विवाद बढ़ने के बाद रहमान ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी और कहा कि उनके इरादों को गलत समझा गया, भारत उनका घर है और उन्हें देश पर गर्व है।
इसी बीच अब सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य का ANI को दिया गया एक इंटरव्यू चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने ए आर रहमान को लेकर कड़ा बयान दिया है। अभिजीत ने कहा कि रहमान के आने के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में पारंपरिक म्यूजिशियनों के हाथ से काम चला गया। उनके मुताबिक, पहले फिल्मों में बड़ी संख्या में म्यूजिशियन लाइव इंस्ट्रूमेंट्स बजाते थे, लेकिन अब लैपटॉप और डिजिटल साउंड्स ने उनकी जगह ले ली है।
अभिजीत ने आरोप लगाया कि इस बदलाव से सक्सेस तो कुछ लोगों को मिली, लेकिन कई म्यूजिशियन बेरोजगार हो गए। उन्होंने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि पहले एक साथ दर्जनों वायलिनिस्ट रिकॉर्डिंग में शामिल होते थे, जो अब देखने को नहीं मिलता। अभिजीत के इस बयान के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में बहस तेज हो गई है। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे तकनीक के दौर का स्वाभाविक बदलाव बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या डिजिटल म्यूजिक ने पारंपरिक कलाकारों के अवसर कम कर दिए हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर ए आर रहमान की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।















































































Leave Your Message