आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी पर संकट, बाहर होने का खतरा!
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी पर संकट के बादल गहराते नजर आ रहे हैं। आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से 21 जनवरी तक यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह भारत में अपने निर्धारित मुकाबले खेलने को तैयार है या नहीं। तय समयसीमा तक सहमति न देने की स्थिति में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है।
इस मुद्दे पर बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने मंगलवार को कड़ा बयान देते हुए आईसीसी को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर आईसीसी बीसीसीआई के दबाव में कोई फैसला लेता है, तो बांग्लादेश उसे स्वीकार नहीं करेगा। आसिफ नजरुल के अनुसार, बांग्लादेश को अब तक आधिकारिक रूप से यह जानकारी भी नहीं दी गई है कि बाहर होने की स्थिति में उसकी जगह किस टीम को शामिल किया जाएगा। हालांकि आईसीसी सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश के हटने पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में जगह दी जा सकती है।
गौरतलब है कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। बांग्लादेश को अपने शुरुआती मुकाबले भारत में खेलने हैं, लेकिन आईपीएल से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहीम को रिलीज किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। इसी विवाद के चलते बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया और अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर भी प्रतिबंध लगा दिया।
अब तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से आईसीसी को कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है। 21 जनवरी की समयसीमा के बाद ही यह तय होगा कि बांग्लादेश टूर्नामेंट में बना रहेगा या बाहर होगा। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी विवाद को हवा देते हुए संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर वह भी भारत में खेले जाने वाले आईसीसी टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है, जिससे हालात और जटिल होते नजर आ रहे हैं।















































































Leave Your Message