अजित पवार के निधन की अफवाह से मचा हड़कंप, नासिक में एनसीपी कार्यकर्ता की हार्ट अटैक से मौत!
महाराष्ट्र की राजनीति में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सोशल मीडिया और अनौपचारिक स्रोतों के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की अफवाह तेजी से फैल गई। इस भ्रामक खबर ने न केवल राजनीतिक गलियारों में बल्कि आम कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी गहरा सदमा पैदा कर दिया।
इसी अफवाह के चलते नासिक जिले से एक दुखद घटना सामने आई। दिंडोरी तहसील के ढकांबे गांव निवासी सुदाम बोडके (63), जो एनसीपी के निष्ठावान कार्यकर्ता और अजित पवार के कट्टर समर्थक बताए जाते हैं, को यह खबर सुनकर गहरा आघात लगा। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह वे एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे, जहां उन्हें अजित पवार के विमान हादसे में निधन की बात बताई गई। खबर सुनते ही वे भावुक हो गए और काफी देर तक व्यथित अवस्था में ‘दादा’ को याद करते रहे।
इसके बाद वे मोटरसाइकिल से नासिक की ओर रवाना हुए। मार्केट यार्ड इलाके के पास पहुंचते ही उन्हें सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। वे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और डॉक्टरों के सामने ही वे जमीन पर गिर पड़े। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने मौत का कारण तीव्र हृदयाघात बताया।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें। एनसीपी की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि अजित पवार स्वस्थ हैं और उनके निधन से जुड़ी खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है।
















































































Leave Your Message