PM मोदी की सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा, सदन में हमले की आशंका के चलते टला लोकसभा भाषण!
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित भाषण के टलने को लेकर गुरुवार को बड़ा खुलासा हुआ। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन में दावा किया कि प्रधानमंत्री के साथ संसद परिसर में किसी अप्रत्याशित घटना की आशंका थी, जिसके चलते उन्होंने PM मोदी से लोकसभा में न आने का आग्रह किया था। स्पीकर के अनुसार, हालात को देखते हुए यह फैसला सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया और प्रधानमंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार किया।
दरअसल, बुधवार को शाम 5 बजे प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में भाषण देना था। हालांकि, विपक्षी सांसदों के भारी हंगामे और नारेबाजी के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। इसी बीच ध्वनि मत के जरिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया और बिना PM के भाषण के ही सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ओम बिरला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सदन में हालात सामान्य नहीं थे और प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका थी। उन्होंने विपक्षी सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पोस्टर लेकर सदन में आने की कोशिश की गई, तो कार्यवाही नहीं चल पाएगी।
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं और सदन में बहस से डर रहे हैं। वहीं, निलंबित कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि जब तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया जाता, तब तक विपक्ष प्रधानमंत्री को सदन में बोलने नहीं देगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देने वाले हैं। ऐसे में संसद के भीतर बढ़ता सियासी तनाव आने वाले दिनों में और गहराने की संभावना है।















































































Leave Your Message