14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में रचा इतिहास, 55 गेंदों में शतक से इंग्लैंड को हिलाया!
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में महज 14 साल के वैभव ने 55 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में लगाया गया अब तक का सबसे तेज शतक है।
पिछले कुछ मैचों में खराब फॉर्म के चलते वैभव सूर्यवंशी को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया। इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नजर आए वैभव ने मैदान के चारों ओर आकर्षक और ताकतवर शॉट्स लगाए।
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले केवल तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) ने हासिल की थी। इसके साथ ही उन्होंने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वैभव ने इस मुकाबले में 15 छक्के लगाए, जिससे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 12 छक्कों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
मैच में वैभव ने 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। 218.75 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने 150 से ज्यादा रन केवल बाउंड्री से बनाए।
इस वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 7 पारियों में 439 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। फाइनल में उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ भारत के लिए अहम साबित हुआ, बल्कि उन्होंने खुद को भारतीय क्रिकेट का भविष्य भी साबित कर दिया।















































































Leave Your Message